फतेहाबाद। प्रदेश सरकार के आदेश पर राजस्व विभाग की ओर से लागू किए गए नए कलेक्टर रेट के साथ आखिरकार दो दिन बाद रजिस्ट्री शुरू हो गई है। वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी के कारण पहले दो दिनों तक रजिस्ट्री शुरू नहीं हो सकी। वहीं बुधवार को बढ़े कलेक्टर रेट के तहत 58 रजिस्ट्री हुईं जिससे 49.67 लाख का राजस्व मिला।
बुधवार सुबह से वेबसाइट के चलने से नए कलेक्टर रेट के साथ रजिस्ट्री शुरू हुई। फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में 70 टोकन काटे गए, जिसमें से कुल 58 रजिस्ट्रियां हुई हैं।
रजिस्ट्री शुरू होने के पहले दिन राजस्व विभाग को 49,67,002 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसमें से स्टांप वेल्यू से 4,94,0602 और रजिस्ट्री फीस से 26,400 का राजस्व शामिल है। इससे राजस्व विभाग को बढ़े हुए कलेक्टर रेट से करीब 55,000 रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है।
रजिस्ट्री कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने बताया कि वेबसाइट में आई तकनीकी खराबी के कारण दो दिनों के बाद रजिस्ट्रियां शुरू हुई हैं। इससे प्रतिदिन होने वाली औसतन रजिस्ट्री से अधिक रजिस्ट्री हुई है। सामान्य तौर पर फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में 45 से लेकर 50 के बीच रजिस्ट्रियां होती हैं।
रजिस्ट्री करवाने के लिए फतेहाबाद के रजिस्ट्री कार्यालय में पहुंचे दीपक कुमार, दिव्यांश, गुड्डी देवी, रामेती, मंजू रानी, श्रवण, देव और संदीप कुमार ने बताया कि पहले दो दिनों तक रजिस्ट्री शुरू नहीं होने से उनको परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में उनकी दो दिनों से रजिस्ट्री रुकी हुईं थी। लेकिन अब रजिस्ट्री शुरू होने के बाद उनको राहत मिली है।