फतेहाबाद। गांव बड़ोपल के सड़क पर खड़ी तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गाड़ी टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी सवार चाचा की मौत हो गई जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। दुर्घटना में सीएनजी रिसाव के कारण गाड़ी में आग लग गई। हादसा सोमवार देर रात को हुआ। मंगलवार को सदर पुलिस ने मामले में मृतक दिल्ली के किशनगंज निवासी मुकेश के भतीजा हिसार के आदर्श नगर निवासी सुनील के बयान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दिए बयान में सुनील ने बताया कि सोमवार को गाड़ी में माल लोड करके हिसार से सिरसा गए थे। रात को ही सामान उतारकर वापस हिसार जा रहे थे। जब गांव बड़ोपल में एसपी होटल के पास पहुंचे तो सड़क पर तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर न होने के कारण पीछे से गाड़ी टकरा गई। जिसमें दोनों घायल हो गए, उन्हें एंबुलेंस से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां पर चाचा मुकेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जब गाड़ी से बाहर निकले थे तो सीएनजी रिसाव के कारण अचानक गाड़ी में आग लग गई। मामले में सदर पुलिस ने मामला दर्ज शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया।