फतेहाबाद। सिरसा के डिंग मंडी क्षेत्र के एक में गई गांव अयाल्की निवासी दो भाइयों की बरात के बैरंग लौटने के मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले को सुलझाने के लिए मंगलवार को सदर थाना परिसर में लड़का और लड़की पक्ष की पंचायत हुई। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियां नाबालिग थीं। वह शादी से दो दिन पहले गायब हो गईं थीं। इसलिए डिंग थाने में चार मई को मामला दर्ज हो चुका है।
गांव अयाल्की निवासी दो भाइयों ने सोमवार को सदर थाने में शिकायत देकर बताया था कि दोनों का रिश्ता करीब एक सप्ताह पहले हुआ था। रविवार को दोनों भाई दूल्हे बनकर बरात के साथ डिंग मंडी क्षेत्र में बताए गए पते पर गए तो वहां कोई नहीं मिला था।
आरोप है कि युवकों के मामा ने रिश्ता करवाया था। आरोप है कि शादी खर्च के लिए लड़की पक्ष को कुछ रुपये भी दिए गए हैं। इसके बाद दोनों भाइयों की शादी के लिए चार मई का दिन तय किया गया लेकिन जब परिवार बरात लेकर पहुंचा तो आरोपियों के घर में कोई नहीं मिला।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार को दोनों पक्षों की पंचायत हुई है। बताया गया है कि लड़कियां शादी से पहले कहीं चली गईं हैं। इसका मामला भी दर्ज है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।