फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: पानी के लिए दो घंटे जाम, फोड़े मटके, जेई का किया घेराव

Tue, 28 May 2024 04:14 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। शहर के अशोक नगर में पानी की समस्या को लेकर मोहल्लावासियों ने पार्षद चंद्रभान वधवा के नेतृत्व में रविदास चौक पर दो घंटे जाम लगाकर प्रदर्शन किया। शाम पांच बजे मोहल्लावासियों ने प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया और मटके फोड़े। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। शहर थाना पुलिस टीम ने मौके पर समझाने का प्रयास किया लेकिन मोहल्लावासी नहीं माने। साढ़े 6 बजे जेई बलविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे तक चली गहमागहमी के बाद जेई ने आश्वासन दिया कि मोहल्ले में सुबह और शाम को 4-4 घंटे पानी की आपूर्ति होगी।
विज्ञापन

प्रदर्शन कर रहे मोहल्ला निवासी और पार्षद चंद्रभान वधवा ने बताया कि अशोक नगर में पानी की आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो रही है। पानी की आपूर्ति कम होने की वजह से अधिकतर घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ये ही नहीं, पानी की आपूर्ति रात को दो बजे की जाती है। ऐसे में लोग रात को दो बजे कैसे पानी भरें। विधायक दुड़ाराम के सामने समस्या रख चुके हैं लेकिन उनकी बात अफसर नहीं मान रहे हैं। पानी की आपूर्ति योग नगर बूस्टिंग स्टेशन से हो रही है। पहले यहां से पॉश इलाके में आपूर्ति की जाती है और फिर अशोक नगर को आपूर्ति की जाती है। बूस्टिंग स्टेशन अशोक नगर के लिए अलग से मंजूर हो चुका है लेकिन उद्घाटन के बावजूद काम शुरू नहीं हो रहा है। मौके पहुंचे जेई बलविंद्र ने कहा कि बिजली की दिक्कत के कारण पानी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बूस्टिंग स्टेशन बनाने का काम 4 माह में पूरा हो जाएगा। फसल कटाई और चुनाव के चलते लेबर की दिक्कत आ रही थी। अशोक नगर में पानी की आपूर्ति 4 घंटे सुबह और 4 घंटे शाम को किया जाएगा ताकि समस्या न रहे। जेई के इस आश्वासन के बाद मोहल्लावासी शांत हुए और जाम खोला। इसके बाद मोहल्लावासियों ने कहा कि अगर समाधान नहीं हुआ तो दोबारा से जाम लगा दिया जाएगा। शनिवार रात को भी 12 बजे पानी समस्या को लेकर यहीं प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें