फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: गांव बबनपुर में वक्फ बोर्ड की जमीन की पैमाइश के दौरान भिड़े दो पक्ष, 12 घायल, 28 कनाल 7 मरले जमीन के लिए गांव में तनाव का माहौल, पुलिस बल तैनात

Wed, 25 Feb 2026 11:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
बबनपुर में जमीन के विवाद में घायल अस्पताल में भर्ती। 
विज्ञापन
रतिया। उपमंडल के गांव बबनपुर में बुधवार को वक्फ बोर्ड की जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह और चौकी प्रभारी ज्योति प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम से लगाई थी निशानदेही की गुहार
गांव बबनपुर में वक्फ बोर्ड की 28 कनाल 7 मरले जमीन है। इस जमीन के एक हिस्से पर लंबे समय से कुछ लोग रह रहे हैं। हाल ही में इस जमीन पर धार्मिक स्थल निर्माण के लिए विवाद गहरा गया था। इस संबंध में गांव के रिछपाल सिंह, दीपक और विजेंद्र सिंह ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जमीन की निशानदेही करवाने की मांग की थी। एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को कानूनगो पृथ्वी सिंह और पटवारी गुरमेज सिंह टीम के साथ जमीन की निशानदेही करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।
विज्ञापन

घायलों की पहचान
झगड़े में एक पक्ष के दीपू, गुलाब, खुशी, बूटा, और विजेंद्र सिंह सहित पांच लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के मनप्रीत खान, जीत खान, मलकीत खान, गुरविंदर कौर, बलजीत कौर, अमनदीप कौर, और रजनी सहित सात लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
एक पक्ष के रिछपाल, दीपक, और विजेंद्र का आरोप है कि वे जमीन के पट्टेदार हैं और कुछ लोग यहां आकर धीरे-धीरे कब्जा कर रहे हैं। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल निर्माण की आड़ में जमीन पर अधिकार जताने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में प्रशासन को शिकायत भी दी थी।
वहीं, दूसरे पक्ष के हरदीप खान, मनप्रीत खान, और जीत खान का कहना है कि वे ही जमीन के वैध पट्टेदार हैं। उनका आरोप है कि उन्हें निशानदेही से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया। जब उन्होंने नियमानुसार प्रक्रिया की बात की, तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें