रिसोर्ट में चोरी के आरोपियों को न्यायलय में पेश करने ले जाती पुलिस। संवाद
टोहाना। गांव कुलां स्थित मैरिज पैलेस से करीब 6 माह पहले सामान चोरी करने के मामले में सदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान जींद निवासी प्रकाश व सफीदों निवासी पवन कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 40000 रुपये बरामद किए हैं तथा दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अकांवाली निवासी जसवंत कुमार ने बताया था कि उसने एक साल के लिए फुलकारी रिजॉर्ट को ठेके पर लिया हुआ है। जिसमें वह कैटरिंग का काम भी करता है। उसने बताया कि 31 अगस्त की रात को मैरिज पैलेस से 57 पतीले, 50 ढक्कन, 53 टब, 25 बड़ी परात, 15 छोटी परात, 55 ट्रे, 12 गैस भट्ठी, एक सबमर्सिबल मोटर व चार सिल्वर की बाल्टी चोरी हो गई थी।
जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 40,000 रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।