पूर्व मेट दारा सिंह पर हमले के दौरान की सीसीटीवी फुटेज। सोशल मीडिया
भूना। बैजलपुर गांव में पूर्व मनरेगा मेट दारा सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों मुकेश उर्फ जोगा और प्रीतम को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी गांव बैजलपुर के ही रहने वाले हैं। वीरवार को पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
घायल दारा सिंह ने बताया कि 19 मई को गांव में हुई महापंचायत में उसने पूर्व सरपंच दंपती के कार्यकाल में हुई गड़बड़ी के बारे में खुलासा किया था। अगले दिन 20 मई को जब वह खेत से लौट रहा था, तब रास्ते में पूर्व सरपंच प्रताप सिंह ने उसे रोककर धमकी दीं और अपशब्द कहे।
रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह दुकान बंद करके घर लौट रहा था, तब गली में प्रीतम मिला। उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। तभी मुकेश उर्फ जोगा उस्तरा लेकर आया और उसकी बाई आंख के ऊपर वार किया। उसी समय सुनील भी वहां पहुंच गया। तीनों ने मिलकर दारा सिंह को लात-घूंसे और मुक्कों से पीटा। इससे वह जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। पूर्व सरपंच का बेटा विजय सेंट्रो कार में सवार होकर फरार हो गया।
परिजन घायल दारा सिंह को तुरंत भूना के सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। गंभीर चोटों को देखते हुए हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई। थाना अध्यक्ष सुरेंद्रा ने बताया कि जांच अधिकारी रामपाल खिलेरी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, अन्य की तलाश जारी है।