भूना। जांडली कलां के पास खड़े ट्रॉले में ट्रक जा टकराया। जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायल की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अंबाला के पठान माजरा (हुमायुंपुर) निवासी गुरीमत ने बताया कि वह 1 जनवरी की रात को ट्रक में मुधमक्खियां भरकर भट्टूकलां के दहीयड़ छोड़ने जा रहा था। रात एक बजे के करीब जब उनका ट्रक गांव जांडली कलां से निकला तो सरिये से भरे ट्रॉले में जा टकराया। इससे उसकी दोनों टांगों में चोट लगी और ड्राइवर भी घायल हो गया।
इसके बाद उसने फोन करके अपने किसी जानकार को बुलाया। जिसने उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से चिकित्सक ने ज्यादा चोटें लगी होने के कारण हिसार रेफर कर दिया। घायल ने आरोप लगाया कि उक्त ट्रॉला चालक ने न ही इंडीकेटर जला रखे थे और न ही सरियों पर कोई रिफलेक्टर आदि लगा था। ट्रॉला चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।