भट्टूकलां के समीप सडक़ पर टै्रक्टर से टकराने के बाद जला ट्रक। स्त्रोत : संवाद
भट्टू कलां। फतेहाबाद रोड पर मेहूवाला मोड़ के पास पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद ट्रक में आग लग गई। आग से ट्रक का केबिन और अन्य हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बीकानेर जिले के लोहड़ा निवासी ट्रक चालक दुदाराम फतेहाबाद से ट्रक लेकर भट्टू कलां की ओर आ रहा था। मेहूवाला मोड़ पर सोलंकी पाइप फैक्ट्री के पास पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी। ट्रैक्टर का टायर पंचर होने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे रोक रखा था।
इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल केंद्र की गाड़ी मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक राजू रतिया से पराली भरकर भट्टू कलां की ओर जा रहा था।