फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर खड़ी एंटी स्मॉग गन संवाद
फतेहाबाद। शहर में खुले में कचरा फेंकने और जलाने वालों पर नगर परिषद सख्ती करेगी। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं कचरा जलाने पर पांच गुना तक पेनल्टी वसूली जा सकती है। नियमों की जानकारी देने के लिए परिषद ने शहर में मुनादी भी करवाई है।
नगर परिषद की ओर से शहर में सुबह और रात के समय सफाई करवाई जा रही है। इसके बावजूद कई इलाकों में कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। सफाई कर्मचारी जगह साफ करके जाते हैं लेकिन कुछ लोग दोबारा वहां कचरा डाल देते हैं। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ शहर की सुंदरता भी खराब हो रही है।
नगर परिषद के आंकड़ों के अनुसार शहर में प्रतिदिन करीब 40 टन कचरा निकलता है। इतनी बड़ी मात्रा में कचरे का नियमित उठान और निस्तारण करना परिषद के लिए चुनौती बना हुआ है। अब परिषद ने सफाई व्यवस्था के साथ लोगों की जिम्मेदारी भी तय करने का फैसला लिया है।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि शहर में घरों से कचरा एकत्र करने के लिए डोर-टू-डोर गाड़ियां नियमित पहुंच रही हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लग रहे हैं। ऐसे में लोगों को निर्धारित व्यवस्था के तहत ही कचरा देने और खुले में गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मुनादी के माध्यम से नागरिकों को चेतावनी दी जा रही है कि वे घरों और दुकानों का कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। खुले में कचरा फेंकने या उसे आग लगाने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
- कुमार सौरभ, सिटी इंचार्ज