फतेहाबाद के पुराने बस स्टैंड के सामने भूना के लिए रवाना होती बस। संवाद
फतेहाबाद। जिले में बारिश के कारण भूना, रतिया व टोहाना में हुए जलभराव से परिवहन सेवा प्रभावित हो रही है। जिले के 100 से अधिक गांवों में हुए जलभराव के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे है। इससे बसों में सवारियों की संख्या में कमी दर्ज हुई है।
फतेहाबाद से भूना मार्ग पर प्रतिदिन करीब रोडवेज व निजी बसों के 120 के करीब फेरे हैं। प्रत्येक 10 से 15 मिनट के बाद बस की सर्विस है। लेकिन पिछले 15 दिनों से सवारियों की संख्या में आई कमी के कारण निजी बस संचालक प्रति 30 मिनट के बाद बस चला रहे हैं।
फतेहाबाद से भूना वाया टोहाना मार्ग पर निजी बस के परिचालक कुलदीप ने बताया कि बसों में सवारियों की कमी होने से बसों की संख्या कम की गई है। इसके बावजूद भी बसों में सवारियां पूरी नहीं हो पा रही है। इससे बसों का खर्च निकल पाना मुश्किल हो रहा है। लोग यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं। पहले प्रत्येक बस में 50 से 60 सवारियां होती थी, लेकिन अब यात्रियों की संख्या 30 से भी कम हो गई है।
बस के लिए करना पड़ रहा इंतजार
फतेहाबाद के पुराने बस स्टैंड के बाहर भूना की बस का इंतजार कर रहे यात्री रेशमा, दीपक, श्रवण और विनोद कुमार आदि ने बताया कि भूना क्षेत्र में पानी भरने के कारण लोग जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं। जबकि पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं मजबूरन सफर कर रही हैं। ऐसे में 30 मिनट से बस का इंतजार कर कर रहे हैं लेकिन बस नहीं आई है। वहीं अगर बस आती है तो सवारी पूरी होने के बाद ही चलती है। इससे यात्रियों को बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
-
::रोडवेज की सभी बसें अपने रूटों पर निरंतर चल रही है। वहीं बसों में यात्रियों की संख्या में हल्की कमी आई है। रोडवेज की बसों के फेरे जारी रहेंगे।
-सुभाष ढांड, संस्थान प्रबंधक, फतेहाबाद।