फतेहाबाद। लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल व पार्क में रविवार को नागरिकों की सुरक्षा के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी सदस्यों, मास्टर ट्रेनरों, होमगार्ड जवानों व फायर विभाग टीम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, आपदा प्रतिक्रिया, बचाव और सहायता के बारे में जानकारी दी गई।
जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए रेडक्रॉस, होमगार्ड, फायर विभाग, मास्टर ट्रेनरों व सिविल डिफेंस ने मिलकर आपात स्थिति में स्वयं को व दूसरे लोगों को सुरक्षित कैसे रखा जाए, इसके बारे में जानकारी दी गई है। यह प्रशिक्षण लोगों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी कौशल सिखाता है, जिससे वे अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य नागरिकों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करता है, जैसे कि प्राथमिक चिकित्सा देना, आपदाओं व आपातकालीन स्थिति से निपटना और अन्य लोगों की मदद करना। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आपात स्थिति में फायर अधिकारी प्रदीप कुमार व सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर राजेश बुमरा ने आपातकालीन स्थिति में घायल व्यक्तियों को सुरक्षित रखने के लिए किस तरह से आग लगने व अन्य घटनाओं से बचाने बारे बताया।
प्रशिक्षण के दौरान होमगार्ड के जवानों व फायर ब्रिगेड टीम ने ट्रेनिंग में आपात स्थिति से निपटने के लिए सैकेंड़ हेंड, फॉर हेंड, हाफ मेथड़, फायर आर्म, पिक बेग, पिक बेग रिजर्व डेमो किया गया। इस अवसर पर डीडीपीओ अनूप सिंह, रेडक्रॉस सचिव रामजीलाल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार, फायर अधिकारी प्रदीप कुमार, सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर राजेश बुमरा, प्रिंसिपल डिफेंस कॉलेज हवा सिंह, कृष्ण कुकड़, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।