फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर वाहन की जांच करती यातायात पुलिस की टीम।
फतेहाबाद। जिला यातायात पुलिस ने जनवरी में बिना हेलमेट व बिना नंबर के वाहन लेकर चल रहे कुल 507 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए हैं। जनवरी में पुलिस की ओर से सबसे ज्यादा बिना हेलमेट व बिना नंबर के चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस टीम की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी ओवर स्पीड से चल रहे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस की ओर से एक जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक यातायात पुलिस की टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया। पुलिस ने बिना हेलमेट चलने वाले 300 वाहन चालकों के चालान, बिना नंबर प्लेट के 207 वाहनों के चालान जनवरी में किए हैं। वहीं ओवर स्पीड से चलने वाले 53 वाहनों के चालान भी टीमों ने किए हैं।
बार-बार किया जा रहा जागरूक
जिला यातायात पुलिस की ओर से शहर में हर जगह पर लोगों को समय-समय पर जागरूक भी किया जा रहा है। ताकि लोगों को नियमों के बारे में समझाया जा सके। अगर हर नागरिक को वाहन चलाते समय नियमों के प्रति जानकारी होगी तो हादसों में कमी आएगी।
पुलिस की ओर से समय-समय पर स्कूल-कॉलेजों सहित अन्य जगहों पर नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया जाता है। पुलिस की ओर से सख्ती भी दिखाई जाती है और चालान भी किए जाते हैं।
- राजेश कुमार, जिला यातायात प्रभारी, फतेहाबाद।