- गांव समैन के पास हाइवे पर खेतों में पलटा ट्रैक्टर व ट्रालीसंवाद
समैन। नेशनल हाईवे पर गांव समैन के पास शुक्रवार सुबह 6 बजे कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर खेतों में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए टोहाना के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
ट्रैक्टर पर सवार कुलविंदर सिंह ने बताया कि वे पंजाब के मेधेवास सोनाम से चारा लेकर राजस्थान के जयपुर लेकर गए थे। जयपुर में चारे से भरी ट्रॉली को खाली करके घर लौट रहे थे। जब वे गांव समैन के पास पहुंचे तो सामने से रहे तेज रफ्तार एक कार को बचाने के प्रयास में ड्राइवर गुरप्रीत ट्रैक्टर पर संतुलन खो बैठा।
उसके बाद ट्रैक्टर व ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतरकर खेतों में पलट गए। कुलविंदर ने बताया कि हादसे में ड्राइवर गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया वहीं वह सुरक्षित बच गया। हादसे में ट्रैक्टर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।