रतिया में मौके पर पहुंची पुलिस, चालक से मामले की जानकारी लेते हुए।
- फोटो : Fatehabad
रतिया (फतेहाबाद)। फतेहाबाद रोड पर कैंटर यूनियन के पास मगंलवार दोपहर बाद साइड को लेकर ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों ने हरियाणा रोडवेज के बस चालक की पिटाई कर डाली और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस झगड़े में बस चालक घायल हो गया। वहीं मौके पर जब बस के चालक व परिचालक द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस के आने से पहले ही हमलावर ट्रैक्टर चालक व उसका साथी मौके से फरार हो गए।
घायल रोडवेज चालक को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां पर पुलिस ने बयान दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटजे के आधार पर जांच भी शुरू कर दी है। हरियाणा रोडवेज की बस के चालक इंदर सिंह ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर बाद टोहाना से रोडवेज की बस लेकर फतेहाबाद के लिए चला था और रतिया के पुराना बस स्टैंड से आगे उनकी बस के आगे एक ट्रैक्टर चालक ने अपना ट्रैक्टर लगा दिया। रोडवेज बस चालक के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर पर ऊंची आवाज पर डेक लगाया हुआ था और बार-बार हॉर्न देने के बाद भी ट्रैक्टर बस को साइड में नहीं कर रहा था, जिस कारण उसे बस चलाने में परेशानी हो रही थी। बस चालक इंदर सिंह ने बताया कि जैसे ही उसकी बस कैंटर यूनियन के पास पहुंची तो ट्रैक्टर चालक ने अपना ट्रैक्टर सड़क के बीच में ही खड़ा कर दिया और बस को सड़क के बीच में ही रुकवा लिया। बस की खिड़की खोलकर उससे हाथापाई शुरू कर दी। ट्रैक्टर चालक के साथ उसके एक साथी ने भी उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। हमला होता देख बस का परिचालक नवीन व अन्य सवारियां भी उसे छुड़ाने आईं तो दोनों हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस दौरान स्टेट हाईवे पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई और कुछ समय तक जाम की स्थिति पैदा हो गई। बस के चालक और परिचालक ने जब हमले की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस की टीम तुरंत मौका स्थल पर पहुंची। पुलिस टीम को मौके पर आता देख ट्रैक्टर चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए। बाद में घायल बस चालक को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं सूचना मिलने पर हरियाणा रोडवेज के बस अड्डा प्रभारी व अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस से हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
इस बारे में जब कार्यवाहक शहरी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि बस परिचालक पर हमले की सूचना आई थी, जिसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है और चालक को अस्पताल में दाखिल करवाकर उसके बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।