पंजाब के पटियाला से सवारियां लेकर टोहाना के रास्ते हिसार जा रही पंजाब रोडवेज की बस से गांव कन्हड़ी के पास ट्रैक्टर टकरा गया। ट्रैक्टर चालक ने सामने से टक्कर मारी। बस के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को कच्ची जगह में उतार दिया, जिससे सवारियां बाल-बाल बच गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बता दें कि ट्रैक्टर चालक ने बड़ी लापरवाही बरती हुई थी। ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रॉलियां जोड़ रखी थी, उनमें से भी एक ट्रॉली में दूसरा ट्रैक्टर लोड किया हुआ था। घटनाक्रम के बाद रोड पर जाम लग गया। बाद में हरियाणा रोडवेज की बस में सवारियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जबकि पुलिस ने रोड खाली करवाया। उन्होंने वाहनों को गांव कन्हड़ी के अंदर से जाने वाले रास्ते की तरफ डायवर्ट किया। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची।
40-50 सवारियां थी बस में सवार
पंजाब रोडवेज की बस के चालक सुरजीत सिंह ने बताया कि वह पटियाला से 40-50 सवारियां लेकर हिसार के लिए चला था। टोहाना से हिसार जाते समय सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव कन्हड़ी से थोड़ा पहले ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। ट्रैक्टर की स्पीड काफी ज्यादा थी। इसी दौरान असंतुलित होकर ट्रैक्टर चालक ने बस को टक्कर मार दी।
इसी बीच सवारियों को बचाने के लिए उसे बस को सड़क के साथ लगते खेतों की कच्ची जगह में उतार दिया। घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक्टर के कारण टोहाना-हिसार रोड पर जाम लग गया। टोहाना शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।