नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण रोकने के लिए शहर में लगाई पीली पट्टी।
टोहाना। शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए नगर परिषद की ओर से पीली पट्टी लगाई गई है। अब दुकानदार दुकानों के आगे इस पीली पट्टी को पार करके सामान बाहर नहीं रख सकेंगे। इससे जहां अतिक्रमण पर रोक लगेगी, वहीं हादसे की संभावना भी कम होगी।
दरअसल, अतिक्रमण के चलते लोगों का दोपहिया वाहन के साथ-साथ पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। नगर परिषद के पास लगातार बाजार में अतिक्रमण की शिकायत मिल रही थी। इसके चलते परिषद की ओर से एजेंसी को पट्टी बनाने का ठेका दिया गया है।
शहर की लक्कड़ मार्केट से रेलवे रोड तक दुकानदारों की ओर से अपनी दुकानों के आगे मेज लगाकर जगह को किराये पर दे दिया जाता है, जिससे सड़क पर अतिक्रमण बढ़ जाता था। इस अतिक्रमण के चलते वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो जाता था। बार-बार अतिक्रमण पर अंकुश लगाने की मांग की जाती थी। अब नगर परिषद की ओर से शहर के इस रोड पर दोनों तरफ व फुटपाथ पर पट्टी बना दी है। अब जो दुकानदार इसके बाहर अपना समान निकालेगा, नगर परिषद की ओर से उस सामान को जब्त कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब पांच साल पहले नगर परिषद की ओर से पीली पट्टी लगाई गई थी, लेकिन कुछ समय बाद यह पट्टी मिट गई थी।
अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए शहर में पीली पट्टी बनाई गई है, ताकि दुकानदार इसके आगे सामान को लेकर न जाएं। इसका सख्ती से पालन करवाया जाएगा। अवहेलना करने पर कार्रवाई होगी। - अंकित वशिष्ठ कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद टोहाना