फतेहाबाद। ट्रैफिक पुलिस द्वारा वीरवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए एसआई हेतराम के नेतृत्व में शहर के लालबत्ती चौक पर अभियान चलाया। टीम ने इस दौरान ट्रैफिक नियमों को उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान भी काटे। वाहन चालक चालान को लेकर ट्रैफिक पुलिस टीम के साथ उलझते हुए भी नजर आए तो किसी ने बीच सड़क पर हंगामा किया और यहां तक पंजाब एमएलए तक की धौंस दिखाई।
सिरसा रोड की तरफ से आ रहे कार चालक ने जेब्रा लाइन क्रॉस कर दी। इस पर टीम जब चालान काटने लगी तो चालक ने खुद को पंजाब एमएलए का करीबी बताया और धौंस दिखाई। यहां तक चालक ने एमएलए को फोन करके पुलिस अधिकारी से बात करवाई। इस पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक नियम तोड़ा है तो इस पर एमएलए ने भी कहा कि नियम तोड़ा है तो चालान जरूर काटे। टीम द्वारा करीब 12 वाहनों के चालान किए और 25 हजार रुपये जुर्माना किया। बता दें कि ट्रैफिक पुलिस टीम द्वारा मशीन के जरिए ऑनलाइन चालान किए जाते है। लेकिन किसान आंदोलन के चलते पिछले दिनों करीब 14 दिनों तक इंटरनेट बंद रहे। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस चालान भी नहीं काट पाई थी।
बुलेट लेकर जा रहे युवक ने किया हंगामा
ट्रैफिक पुलिस ने लालबत्ती चौक पर एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक को रोक लिया और साइलेंसर को लेकर चालान काटने की कार्रवाई करने लगे। इस पर चालक ने हंगामा कर दिया और कहा कि मोटरसाइकिल खराब है और उसे बेवजह तंग किया जा रहा है। करीब 15 मिनट तक हंगामा किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर साइलेंसर उतरवाया और इसके बाद छोड़ा।
पिछले साल काटे गए चालान की स्थिति
जिले में कुल काटे गए ट्रैफिक चालान : 49670
ट्रैफिक चालान को लेकर लगाया गया जुर्माना : 3.11 करोड़