फतेहाबाद में बारिश के पानी से गुजरता बाइक चालक।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिले में वीरवार को भी अनेक स्थानों पर जमकर बारिश हुई है। वीरवार को जिले के फतेहाबाद, कुलां व भूना खंड में जहां जमकर बारिश हुई, वहीं टोहाना, जाखल, रतिया व भट्टूकलां में हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि बारिश सुबह हुई थी, लेकिन इसके बाद सूर्यदेव आसमान में चमकने लगे, जिस कारण शहरी इलाकों में उमस भरा मौसम रहा। जिले में वीरवार को तीन खंडों में 31.67 एमएम बारिश दर्ज की गई।
फतेहाबाद शहर में वीरवार सुबह से ही आसमान में बदलाव आ गया और काली घटाएं छाते ही जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण शहर के भूना रोड, जीटी रोड, एमसी कॉलोनी, जवाहर चौक, धर्मशाला रोड सहित शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव हो गया। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर में बारिश होने के कारण मैनहोल भी उफान पर आ गए और शहर में बारिश के पानी के साथ-साथ सीवरेज का पानी भी बहता दिखाई दिया। सबसे अधिक परेशानी लाजपत पार्क, जीटी रोड, जवाहर चौक में हुई, यहां पर बारिश के पानी के साथ सीवरेज का पानी उफान पर था, जिससे दुकानदारों को बदबू से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं भूना व कुलां में भी भारी बारिश होने के चलते लोगों को जलभराव की स्थिति से दो चार होना पड़ा। बारिश के कारण गांवों में भी खेतों में जलभराव से किसान परेशान दिखाई दिए।
फतेहाबाद खंड में बारिश की स्थिति
खंड बारिश
फतेहाबाद 21एमएम
कुलां 61एमएम
भूना 13एमएम
टोहाना, जाखल, रतिया व भट्टूकलां में बूंदाबांदी।