टोहाना। हिसार रोड को रतिया रोड से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर मुख्य बस स्टैंड के सामने सोमवार को एक तेज रफ्तार डस्टर कार चालक ने स्कूटी सवार तीन लड़कियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल लड़कियों खनोरा निवासी दिव्या (19), किला मोहल्ला निवासी वंशिका (18) और गुप्ता कॉलोनी निवासी तमन्ना (19) डिफेंस डिग्री कॉलेज में बीकॉम की परीक्षा देकर घर लौट रही थीं। वे खनोरा निवासी दिव्या को बस स्टैंड पर छोड़ने जा रही थीं, तभी हिसार रोड की तरफ से आ रही डस्टर कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।