रतिया। सदर पुलिस ने नकली पिस्तौल दिखाकर राइस मिल में मजदूरी करने वाले युवक से मोबाइल फोन व नकदी छीनने के मामले में शामिल तीनों युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान लवप्रीत सिंह, सुनील कुमार उर्फ काका व अजय निवासी चुलड़कलां जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, नकदी और लाइटर पिस्तौल बरामद की है। आरोपियों ने नकली पिस्तौल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। थाना सदर रतिया प्रभारी एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि 21 फरवरी को बिहार के सहरसा जिले के गांव सरोजा निवासी मुकेश ठाकर ने इस बारे में शिकायत दी थी।
मुकेश के अनुसार वह ढाणी बबनपुर में करतार राइस मिल में लेबर का काम करता है। जब वह मिल से ढाणी बबनपुर राशन लेने जा रहा था तो रास्ते में एक बिना नंबर की बाइक पर रुमाल से अपना मुंह ढके तीन युवक उसके पास आए। मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी और उससे उसका मोबाइल फोन और उसकी जेब से नकदी लूटकर गांव लांबा से पंजाब की तरफ भाग गए।