फतेहाबाद। गांव नूरकी अहली के बस स्टैंड पर चोरों ने शनिवार अलसुबह एक वेल्डिंग रिपेयरिंग की दुकान में सेंधमारी की और वेल्डिंग का सामान टाटा एस में डाल लिया। चोर जब सामान चोरी करके भाग रहे थे तो उनकी टाटा ऐस मिट्टी मेंं धंस गई। पकड़े जाने के भय से चोर टाटा एस को वहीं पर छोड़कर एक एलपीजी सिलिंडर लेकर फरार हो गए। बाद में पता चला कि यह गाड़ी फतेहाबाद शहर से चुराई गई है। सूचना पाकर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच आरंभ कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव चुघेअहली निवासी पुरुषोत्तम की गांव नुरकी अहली के बस स्टैंड पर पुरुषोत्तम साइकिल वेल्डिंग वर्कर्स के नाम से दुकान है। इस दुकान में वह वेल्डिंग का कार्य करता है। बताया गया है कि शनिवार अलसुबह करीब चार बजे कुुछ लोग उसकी दुकान पर आए और दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा गैस वेल्डिंग का सिलेंडर, टंकी और एलपीजी गैस का सिलेंडर व अन्य सामान गाड़ी मेंं लाद लिया। बताया गया है कि चोर जब यह सामान लेकर भाग रहे थे तो नजदीक की गीली मिट्टी में गाड़ी का टायर फंस गया और गाड़ी आगे नहीं निकल पाई। पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके पर ही टाटा एस को छोड़कर भाग गए। वह गैस वेल्डिंग का भारी भरकम सिलिंडर तो उठाकर नहीं भाग पाए, लेकिन एक एलपीजी सिलिंडर जरूर लेकर भाग गए।
सुबह सूचना पाकर दुकानदार पुरुषोत्तम मौके पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था और पास ही टाटा एस गाड़ी खड़ी थी। जब गाड़ी की छानबीन की गई तो उसमें एक विजिटिंग कार्ड भी मिला। मामले की सूचना सदर पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि यह टाटा एस पिछले माह ही ठाकर बस्ती से चोरी हुई है।
फतेहाबाद की ठाकर बस्ती से चोरी हुई थी टाटा एस
गांव नुरकी अहली में चोरी की वारदात के लिए जो टाटा एस चोरों ने प्रयोग की थी, यह फतेहाबाद की ठाकर बस्ती से चोरी हुई थी। करीब एक माह पहले रमेश जैन की इस टाटा एस को चुराया गया था। इसकी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी सामने आई थी। वहीं रमेश जैन का कहना है कि उनकी टाटा एस तो मिल गई है, लेकिन इसमें से स्टीरियो, जैक व तिरपाल गायब है। साथ ही टाटा एस के नए टायरों को बदलकर उसमें पुराने टायर लगाए गए हैं।
कोट
गांव नुरकी अहली में एक दुकान से चोरी की सूचना प्राप्त हुुई थी। इस मामले में जांच की जा रही है। यहां पर टाटा एस भी मिली है, जो फतेहाबाद से चोरी हुई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
-रुपेश चौधरी, सदर थाना प्रभारी, फतेहाबाद।