फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन ने 25 फरवरी को बजट की मंजूरी को लेकर बैठक बुलाई है। इस बैठक में वर्ष 2025-26 में होने वाले कार्यों पर खर्च को लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची और पार्षदों की मौजूदगी में इस बजट को पास किया जाएगा। इस बजट बैठक में सांसद कुमारी सैलजा, विधायक बलवान सिंह भी मौजूद रह सकते हैं।
हालांकि इनकी उपस्थिति को लेकर संशय है। सांसद कुमारी सैलजा ने इससे पहले दिशा की बैठक में भी भाग लेना है। अगर दोनों नगर परिषद की हाउस बैठक में मौजूद रहते हैं तो हंगामे के आसार हो सकते हैं। अधिकारियों से विकास कार्यों को लेकर जवाब तलबी हो सकती है।
- पिछली बैठक में पास हुआ था 35 करोड़ का बजट
नगर परिषद की बजट बैठक पिछले साल 29 फरवरी को हुई थी। बैठक में करीब 35 करोड़ का बजट पास हुआ था। नगर परिषद द्वारा वर्ष 2024-25 में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर 4 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया था। इसके अलावा दुकानों के किराये से 70 लाख, दुकान सेल से एक करोड़, विकास शुल्क से साढ़े तीन करोड़, डोर टू डोर कूड़ा उठान से 20 लाख आय का अनुमानित बजट पास किया गया था। हालांकि मंगलवार को होने वाली बैठक में रिपोर्ट सामने आएगी कि नगर परिषद को कितनी आय हुई है और विकास कार्यों पर कितना खर्च हुआ है।
- सफाई का बढ़ सकता है बजट
नगर परिषद प्रशासन ने पिछले साल सफाई व्यवस्था को लेकर 4 करोड़ 24 लाख का बजट पास किया था। जिसमें 3 करोड़ डोर टू डोर कचरा उठान का बजट ही शामिल था। लेकिन अब इसके साथ-साथ अनुबंध पर दिए गए सफाई ठेके का बजट भी बढ़ेगा। इसके अलावा अन्य खर्च भी शामिल होंगे।
पिछली बैठक में रखी पार्षदों की एक भी मांग नहीं हुई पूरी
वर्ष 2024-25 की बजट बैठक में पार्षद मोहन लाल नारंग और सुभाष नायक ने कहा था कि कि बीघड़ रोड पर बने कम्युनिटी सेंटर और मल्टीपर्पज पार्किंग को नगर परिषद खुद संभाले। दोनों जगह लोगों की सुविधा के लिए हैं लेकिन ठेकेदार मनमानी करके मनमाने रेट वसूल रहे हैं। उनकी दोनों ही मांगे अब तक पूरी नहीं हुई हैं।
-सीढ़ी तो खरीदी लेकिन सात दिन भी नहीं चल पाई
बजट बैठक के दौरान पिछली बार पार्षद चंद्रभान ने स्ट्रीट लाइट खराब होने का मुद्दा उठाया था। पार्षद चंद्रभान ने कहा कि नगर परिषद के पास करोड़ों रुपये जमा हैं, लेकिन इनका आमजन को फायदा क्या है, जब नगर परिषद डेढ़ साल से सीढ़ी ही नहीं खरीद पाया है। इसके बाद नगर परिषद ने हाइड्रोलिक सीढ़ी तो खरीदी लेकिन वह सात दिन भी नहीं चल पाई है। हालात ये है कि करीब आठ माह से नगर परिषद परिसर में ही उक्त सीढ़ी खड़ी है।
-हर माह बैठक बुलाकर विकास कार्यों की समीक्षा होनी चाहिए
नगर परिषद द्वारा बजट को लेकर बैठक बुलाई गई है। इसमें कोई शक नहीं है कि बैठक में बजट पास हो जाएगा। लेकिन सवाल ये है कि हर माह समीक्षा बैठक क्यों नहीं बुलाई जा रही है। हर माह बैठक बुलाकर विकास कार्य व अन्य कामों की समीक्षा होनी चाहिए। ऐसा न होने से जनता के साथ धोखा किया जा रहा है। पिछले साल बैठक में जिन मुद्दों को उठाया गया था, उसको लेकर भी सवाल-जवाब किए जाएंगे।
- मोहन लाल नारंग, पार्षद वार्ड 12