फतेहाबाद। तहसील कार्यालय में स्टांप बदलकर गड़बड़ी करने के कई मामले सामने आए हैं। नायब तहसीलदार आशीष कुमार ने गड़बड़ी की आशंका जताई है। इसलिए उन्होंने तीन मोबाइल नंबर के आधार पर निकाले गए स्टांप के अज्ञात धारक के खिलाफ 8.60 लाख रुपये के घोटाले का आरोप लगा शहर थाने में शिकायत दी है।
शिकायत में बताया गया है कि इन मोबाइल नंबरों से स्टांप निकलवाए गए और बाद में संशोधित कर प्रयोग किए गए हैं। पुलिस को दी शिकायत में तहसीलदार ने ऐसी 18 रजिस्ट्रियां निकालीं हैं, जिनमें दोहरे स्टांप प्रयोग हुए हैं। यानी 9 रजिस्ट्रियों से स्टांप निकाल कर उन्हें अन्य 9 रजिस्ट्रियों में प्रयोग किया गया है। शहर थाने के जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। इस आधार पर जांच की जा रही है।
ऐसे पकड़ में आया मामला
शिकायत के अनुसार रजिस्ट्री नंबर 2493 जो कि एक व्यक्ति ने 13 जून 2022 को करवाई थी। इस प्लाॅट को अन्य व्यक्ति ने खरीदा था। इस रजिस्ट्री में 1.08 लाख रुपये के स्टांप लगे लेकिन 44,000 के स्टांप निकाल कर दूसरे व्यक्ति की रजिस्ट्री नंबर 1113 के नाम से लगा दिए गए। इसी तरह अन्य रजिस्ट्रियों में भी गड़बड़ी की गई है।
स्टांप में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच करेगी। - आशीष कुमार, नायब तहसीलदार, फतेहाबाद।