सविता टुटेजा, नगर परिषद उपाध्यक्ष फतेहाबाद ।
फतेहाबाद। नगर परिषद उपाध्यक्ष सविता टुटेजा ने एक बार फिर अध्यक्ष राजेंद्र खिंची के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। तीन माह से नगर परिषद की बैठक ना होने से खफा सविता टुटेजा ने अब इस मामले में वीरवार को पार्षदों संग एसडीएम राजेश कुमार से मुलाकात का निर्णय लिया है।
नगर परिषद की आखिरी बैठक तीन माह पहले जून माह में आयोजित की गई थी। इससे पहले भी नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र खिंची पर समय से बैठक ना बुलाने के आरोप लगते रहे हैं। पहले भी एक बार छह माह से अधिक समय तक नगर परिषद की बैठक ना बुलाने से पार्षद नाराज हुए थे।
टुटेजा का तर्क- बैठक ना होने से अटका शहर का विकास
टुटेजा ने कहा कि अध्यक्ष शहर को विकास से वंचित रखने पर तुले हुए हैं। बैठक ना होने या देरी से होने का सीधा असर शहर के विकास पर पड़ता है। इससे अधिकारियों पर भी अंकुश नहीं पाता। जल्द ही नगर परिषद की बैठक आयोजित की जाए ताकि शहर के विकास में तेजी आ सके। उधर नगर परिषद ईओ राजेंद्र सोनी ने कहा था कि उनके पास अगर अध्यक्ष की ओर से हाउस की बैठक बुलाने का कोई पत्र आएगा तो तुरंत बैठक बुला ली जाएगी।
जब इस बारे में जब नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र खिंची से बात करने का प्रयास किया गया तो कई बार काॅल करने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।