शहर की ठाकर बस्ती में शुक्रवार को एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या के बाद जमकर बवाल मचा। युवक की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों और साथियों ने हत्यारोपियों के कबीर बस्ती स्थित घरों में जमकर पथराव किया।
इस दौरान भीड़ के कई वाहनों को भी तोड़ डाला। दिनभर शहर में दो गुटों के बीच में टकराव की स्थिति बनी रही। मृतक युवक के परिजनों ने पुलिस को 12 घंटे में हमलावरों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वे रोड जाम कर देंगे। पुलिस ने मृतक पिंकी की पत्नी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह ठाकर बस्ती निवासी 42 वर्षीय पिंकी और उसके दो साथियों का बस स्टैंड के पीछे बनी नाई की दुकान पर आरोपियों के साथ झगड़ा हो गया था।
इसमें आरोपी सोनू धानक को चोटें आई थी। आरोप है कि इसके बाद सोनू ने पिंकी की तलाश शुरू कर दी। सामान्य अस्पताल के बाहर एक बार फिर दोनों गुटों में टकराव हो गया, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से टकराव टल गया।
दोपहर में लगभग एक दर्जन युवकों ने ठाकर बस्ती स्थित पिंकी के घर में घुसकर में उसे तलवारों और कापों से हमला कर घायल कर दिया, अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
हमलावर पिंकी को बेरहमी से मारकर दीवार फांदकर खाली प्लाट से होते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी नृपजीत सिंह और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस ने खाली प्लॉट से दो तलवारें और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मृतक पिंकी की पत्नी सुनीता की शिकायत पर सोनू, सुंदर, गोविंदा, टोनी, घरोंडा, सागर, नुप्पी व बीघड़ निवासी रूपा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
थोड़ी देर बाद मृतक परिवार के सैकड़ों महिला-पुरुष अस्पताल पहुंच गए जहां दूसरे पक्ष के सोनू और सुंदर पहले ही उपचाराधीन थे। पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका के चलते घायलों को अस्पताल से कहीं और भेज दिया है।
तनाव को देखते हुए डीएसपी नृपजीत सिंह और थानाध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व में अस्पताल को घेर लिया। दोपहर बाद मृतक के परिजनों और उसके समुदाय के लोगों ने भी हत्यारोपियों के घरों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान बस्ती के कई अन्य घरों में भी बवाल काटा गया।