रतिया क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवाला में अपनी पत्नी को मायके छोड़ने आए एक युवक ने गांव में बने पानी के जोहड़ में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसके दादा जोगिंद्र सिंह की शिकायत पर मृतक के ससुर और बिचौलये के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं जोहड़ से शव निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के दादा जोगिंद्र सिंह निवासी बक्शीवाला पंजाब ने पुलिस दी शिकायत में बताया कि वह स्वयं पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त कर्मचारी है और उसके पौते गुलाब सिंह की शादी करीब 6 माह पहले गांव ब्राह्मणवाला की कुलबीर कौर पुत्री लक्ष्मण सिंह के साथ हुई थी और गत 23 सितंबर को उसका पोता अपनी पत्नी को छोड़ने के लिए ससुराल आया था। वृद्ध ने बताया कि इसी दिन देर शाम करीब 5.30 बजे उसके ससुर लक्ष्मण सिंह का फोन गुलाब सिंह की माता गुरमीत कौर के पास आया कि उनका लड़का यहां आकर गाली-गलौज कर रहा है जिसे वह आकर उसे ले जाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि जैसे ही इसकी सूचना उसे मिली तो वह उपरोक्त रिश्ता करवाने वाले गांव के ही बिचौलिये कुलवंत उर्फ कांता के अलावा गांव के एक अन्य व्यक्ति लखविंद्र सिंह के साथ गाड़ी लेकर गांव ब्राह्मणवाला पहुंच गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि जैसे ही वह गांव में पहुंचे तो इस दौरान उसके पोते का अपने ससुर लक्ष्मण सिंह के साथ झगड़ा चल रहा था और इस दौरान मेरे साथ आए कुलवंत उर्फ कांता ने गाड़ी से उतरते ही उसके पोते गुलाब को थप्पड़ आदि मार दिए। इस दौरान पोते के ससुर ने भी उसके साथ थप्पड़ मुक्की की। विवाद को देखते हुए गुलाब सिंह को उनसे छुड़वा कर गाड़ी में बैठा लिया और अपने गांव वापस आने लगे तो रास्ते में ही बिचौले कुलवंत उर्फ कांता ने फिर से गुलाब सिंह को गाड़ी से उतारकर मारा। जिसके बाद उसके पोते ने अपना हाथ छुड़ाकर वहीं पास के जोहड़ में छलांग लगा दी। आरोप लगाया कि उसके पोते ने अपने ससुर और बिचौले से परेशान होकर ही अपनी जीवन लीला समाप्त की है। पुलिस ने इस मामले में ससुर व बिचौले के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।