भूना। गांव बैजलपुर में रविवार की दोपहर बाद भाखड़ा नहर में नहाते समय एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। उपरोक्त युवक को बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने काफी प्रयास किए लेकिन युवक का नहर के पानी में कहीं भी सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से भाखड़ा नहर में डूबे व्यक्ति की तलाश कार्य में जुट गए। मामले के मुताबिक 28 वर्षीय अंकित पुत्र राजाराम ओला रविवार की दोपहर को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए भाखड़ा नहर में करीब पौने तीन बजे नहा रहे थे लेकिन युवक ने जैसे ही भाखड़ा नहर में बीच-बीच छलांग लगाई तो वह पानी में डूब गया। अंकित कुछ देर तक पानी के ऊपर नहीं आया तो मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तलाशने की कोशिश की। घटना की सूचना गांव में मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ भाखड़ा नहर पर लग गई। पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिसकर्मियों एवं ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अंकित को भाखड़ा नहर के पानी से खोजने के लिए मुहिम चलाई हुई है। समाचार लिखे जाने तक अंकित का कोई सुराग नहीं लगा था। इस संबंध में थाना अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि बैजलपुर के अंकित नामक युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। उसके तुरंत बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। युवक की तलाश भाखड़ा नहर में की जा रही है। घकना करीब पौने तीन बजे की बताई गई है।