रतिया। जिला खाद्य सुरक्षा की टीम ने वीरवार दोपहर बाद बुढलाड़ा रोड पर दो डेयरी पर छापेमार कार्रवाई करते हुए घी एवं क्रीम के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए चंडीगढ लैब में भेज दिए। जानकारी के अनुसार, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आजाद सिंह को शिकायतें मिल रहीं थी कि रतिया क्षेत्र में कई डेयरी संचालकों की ओर से खाद्य सुरक्षा नियमों की अवहेलना की जा रही है।
इसको देखते हुए उन्होंने बुढलाड़ा रोड पर प्रधान डेयरी एवं एक अन्य डेयरी पर छापेमार कार्रवाई की। डॉ. आजाद सिंह ने बताया कि उनके विभाग को लगातार शिकायतें मिलती रहती हैं। इसको लेकर रूटीन में दुकानों पर जाकर खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही लैब की जांच रिपोर्ट आएगी उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद की डेयरी पर छापा, शहर में अनेकों चर्चाएं
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से वीरवार दोपहर बाद की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान एक पार्षद की डेयरी पर भी छापा मारकर घी के सैंपल लिए गए। इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा शुरू हो गई। दरअसल, दो दिन पूर्व भी इस पार्षद के प्रतिनिधि ने हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाली चेयरपर्सन प्रीति खन्ना व वाइस चेयरपर्सन जोगिंदर नंदा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर दिए गए नोटिस का समर्थन किया था। साथ ही उपायुक्त से मिलने फतेहाबाद गए थे, लेकिन वीरवार को ही हो छापेमार कार्रवाई के चलते यह कार्रवाई चर्चा में आ गई। हालांकि, अधिकारियों ने इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया।