फैक्ट्री से निकलने वाले धुंए से होने वाले नुकसान बारे एसडीएम को ज्ञापन देते किसान। संवाद
टोहाना। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले तीन गांवों के किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में एसडीएम प्रतीक हुड्डा से मुलाकात की और ज्ञापन दिया है। किसानों ने अपने ज्ञापन में अकांवाली-कुलां रोड़ पर स्थित रिफाइंड तेल बनाने वाली फैक्टरी संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
किसानों ने अपने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि फैक्टरी से निकलने वाले धुएं के चलते आसपास के किसानों की 150 से 200 एकड़ गेहूं की फसल खराब हो गई है। उन्होंने एसडीएम से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। लाभ सिंह, नरेंद्र सिवाच ने कहा कि फैक्टरी से निकलने वाले धुएं के चलते गेहूं काली हो गई है, जिसे कोई भी आढ़ती नहीं लेगा। यह इतनी खराब हो चुकी है कि इस गेंहू को पशु भी नहीं खाएंगे।
उन्होंने एसडीएम से मांग करते हुए कहाकि इस फैक्टरी की वजह से जो आसपास के किसानों का नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करवाई जाए। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में पड़ी किसानों की गेहूं कोई खरीदने के लिए तैयार नहीं है, ऐसे में उसका समाधान करवाया जाए। किसानों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की तो आसपास के गांव के लोग फैक्टरी के गेट पर अनिश्चितकालीन धरना लगाने पर मजबूर होंगे। इस मौके पर संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ता, आका वाली, ढेर नलका ढाणी, धारसूल गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।