संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शहर के टाउनशिप मंडी के साथ अनाजमंडी को जाने वाला मार्ग पिछले तीन वर्षों से टूटा हुआ है। यह सड़क हिसार-सिरसा रोड से पुरानी अनाज मंडी व एसबीआई रोड तक जाती है। इससे गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं प्रशासन भी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अनाज मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों और मंडी के आढ़तियों ने बताया की सड़क का निर्माण कार्य करवाने की कई बार मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बारिश के दिनों में सड़क में बने गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे चालकों को वाहन संचालन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने कहा कि सड़क में बने इन गड्ढों के कारण वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बारिश के दिनों में इस रोड से जल निकासी नहीं हो पाती है। जिससे वे गड्ढे दिखाई भी नहीं देते। इससे कई-कई दिनों तक लोगों का जलभराव का सामना करना पड़ता है। इस बारे में अधिकारियों के सामने कई बार मांग रखी गई है, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला है।
पिछले तीन वर्षों से रोड टूटा हुआ है। इससे रात के समय में यहां निकलना मुश्किल हो जात है। वहीं इस रोड पर निजी अस्पताल, पार्क और कई लाइब्रेरी हैं, जिससे यहां से रोजाना लोगों का आवागमन रहता है। इसके निर्माण के बारे में कई बार प्रशासन से मांग की गई है।
-विजय, निवासी फतेहाबाद।
टाउनशिप मंडी की सड़क पर पार्क होने के कारण रात के समय लोग सैर करने जाते हैं। रोड जर्जर होने से निकलने वाले पत्थरों के कारण चोट लगने का डर बना रहता है। ऐसे में अनाज मंडी के रास्ते पार्क तक जाना पड़ता है। प्रशासन की इस ओर ध्यान देना चाहिए।
-पवन, निवासी फतेहाबाद।
-
शनिवार को फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी में गेहूं की फसल लेकर पहुंचा हूं। इस दौरान मुझे टाउनशिप मंडी की सड़क से गुजरना पड़ा। यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन को इसका निर्माण कार्य शीघ्र अति शीघ्र करवाया जाना चाहिए।
-राहुल किसान, गांव मानावाली
-
पिछले तीन साल से सड़क बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। इसके लिए कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सड़क टूटने बाद इस मार्ग से धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों व आसपास के दुकानदारों को परेशानी होती है।
-ओमप्रकाश स्थानीय निवासी