फतेहाबाद। एसबीआई रोड पर चल रही अटल किसान-मजदूर में अब खाना महंगा हो गया है। थाली 10 रुपये से बढ़कर 30 रुपये हो गई है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने थाली पर दी जाने वाली सब्सिडी को बंद कर दिया है। प्रत्येक थाली पर बोर्ड की तरफ से 15 रुपये सब्सिडी दी जा रही थी और कैंटीन में किसान और मजदूरों को 10 रुपये में थाली उपलब्ध करवाई जा रही थी। 30 रुपये थाली का रेट होने के कारण लागत 250 थालियों से सीधी 15 से 20 थालियों पर आ गई है। बोर्ड अब सिर्फ फसल सीजन पर ही सब्सिडी देगा।
अटल किसान-मजदूर कैंटीन की शुरूआत हुई तो यहां पर रोजाना 200 से 250 थालियों की लागत थी। थाली में पांच रोटियां, चावल और सब्जी दी जा रही थी। इसके चलते करीब 15 महिलाएं यहां पर काम कर रही थी। थालियों की लागत सीधा 15 से 20 होने पर करीब 13 महिलाओं का रोजगार छीन गया है। यहां पर अब मात्र दो ही महिलाएं काम कर रही है। हालात ये हो गए हैं कि अटल किसान-मजदूर कैंटीन बंद होने के कगार पर है। जहां पर पहले हर टाइम चहल पहल रहती थी, वहां पर अब सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां पर हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अब सिर्फ दो ही महिलाओं को रोजगार मिला हुआ है। संवाद
जानिए अब कब मिलेगी थाली पर सब्सिडी
दिन ये रहेगा थाली रेट
1 दिसंबर से 15 मार्च 30 रुपये
16 मार्च से 31 मई 10 रुपये
1 जून से 15 सितंबर 30 रुपये
16 सितंबर से 30 नवंबर 10 रुपये
कोट
अटल किसान-मजदूर कैंटीन में थाली 30 रुपये हो गई है, सीजन में ही सब्सिडी मिलेगी। थालियों की लागत 15 से 20 तक ही रह गई है। इसके चलते अब दो ही महिलाएं काम कर रही है।
- वीना रानी, इंचार्ज, कैंटीन
कोट
अटल किसान-मजदूर कैंटीन में सीजन में सब्सिडी दी जाएगी। पहले रेगुलर सब्सिडी दी जा रही थी। लेकिन अब फसल के सीजन में ही सब्सिडी दी जाएगी।
- संजीव सचदेवा, सचिव मार्केट कमेटी