होटल में मिले मालिक के शव मामले की जांच करते हुए एसआई दिलबाग सिंह। संवाद
टोहाना। शहर के डांगरा रोड स्थित दोस्त होटल में मंगलवार देर रात संचालक की मौत हो गई है। सूचना पाकर बुधवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में इतफाकिया की कार्रवाई की है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय साहब सिंह के तौर पर हुई है जो गांव सनियाना का रहने वाला है। प्राथमिक जांच में पुलिस मौत का कारण हृदय आघात मान रही है।
पुलिस के अनुसार गांव सानियाना निवासी 28 वर्षीय साहब सिंह निजी तौर पर अध्यापन का कार्य करता था और उक्त होटल में पार्टनर भी था। रात के समय वह होटल की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सोया हुआ था। जब वह सुबह नहीं उठा तो उसे फोन मिलाया गया। जब फोन नहीं उठा तो कर्मचारी उसे उठाने के लिए कमरे में गए। वहां पर साहब सिंह मृत अवस्था में मिला। इस पर सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर डीएसपी उमेद सिंह और सीन ऑफ क्राइम की टीम डाॅ. जोगिंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। प्राथमिक जांच में हृदय आघात से मौत होना लग रहा है।