रतिया के नगर पालिका कार्यालय में अधिकारियों से बहस करते वार्डवासी। स्त्रोत: जागरूक नागरिक
रतिया। वार्ड नंबर 12 स्थित शिमलापुरी कॉलोनी में छह महीने पहले उखाड़ी गई गली का निर्माण कार्य शुरू न होने पर बुधवार को वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सचिव शुभम कुमार के कार्यालय में हंगामा किया और ठेकेदार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
वार्डवासियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए नगर पालिका सचिव ने ठेकेदार को मौके पर बुलाया और दो दिन के भीतर गली निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोगों ने शांत होते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो वे नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी करेंगे।
वार्ड पार्षद सतपाल सिंह, भाजपा ओबीसी सेल के जिला उपप्रधान सुरेंद्र जांगड़ा, सुरजीत सिंह, बिल्लू सिंह, सुखजीत सिंह ने बताया कि टोहाना रोड स्थित निरंकारी भवन से वार्ड के अंतिम छोर तक मुख्य गली लंबे समय से जर्जर हालत में थी। इसके निर्माण के लिए नगर पालिका ने टेंडर जारी किया था और ठेकेदार ने छह महीने पहले गली उखाड़ दी थी।
आरोप है कि ठेकेदार ने टोहाना रोड की ओर से निर्माण शुरू करने के बजाय वार्ड के अंतिम छोर से काम शुरू किया, जहां गली पहले से ही बेहतर स्थिति में थी। वहां पुरानी इंटरलॉक ईंटें उखाड़कर नई टाइलें लगा दी गईं जबकि खराब हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया।
मोहल्लावासियों का कहना है कि टोहाना रोड की ओर गली अब भी गड्ढों और टूटी सड़क के रूप में पड़ी है। बरसात में पानी घरों की चारदीवारी तक पहुंच जाता है जिससे मकानों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। पिछले छह महीनों से लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।