फतेहाबाद। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जेबीटी शिक्षकों की 15 वर्षों से लंबित वरिष्ठता सूची जल्द जारी करने की मांग उठाई। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई ने प्रतिनिधिमंडल को एक सप्ताह में सूची जारी करने का आश्वासन दिया।
जिला प्रधान योगेंद्र वर्मा की अगुवाई में शिक्षक नेताओं ने बुधवार को डीईईओ से उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने प्राथमिक शिक्षकों और स्कूलों की विभिन्न समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। संघ के राज्य चेयरमैन देवेंद्र दहिया ने वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग प्रमुखता से रखी।
शिक्षकों ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण शिविर छमाही परीक्षाओं के बाद लगाए जाएं। एसआईआर कार्य में शिक्षकों की व्यस्तता के कारण पहले ही पढ़ाई प्रभावित हुई है। ऐसे में परीक्षाओं से पहले प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होगी।
जिला वरिष्ठ उपप्रधान भजन कंबोज और राकेश मदान ने 12वीं में अंक सुधार कर 50 प्रतिशत की शर्त पूरी करने वाले शिक्षकों के एसीपी मामले जल्द मंजूर करने की मांग की। डीईईओ ने बताया कि निदेशालय से मार्गदर्शन मांगा गया है। निर्देश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
जिला संरक्षक सुरेंद्रपाल नैन ने तीन महीने से लंबित मिड-डे मील कुकिंग कॉस्ट का बजट जारी करने की मांग की। अधिकारी ने बताया कि कुक के वेतन का बजट खंड शिक्षा अधिकारियों को 10 दिन पहले जारी हो चुका है। टोहाना और रतिया खंड कार्यालयों से स्कूलों को बजट आवंटित होना बाकी है।
प्रतिनिधिमंडल में फतेहाबाद खंड प्रधान अशोक कुमार, भट्टू खंड प्रधान दलीप छाबा, भूना खंड प्रधान सुभाष सेहरावत, सतबीर गिल, दिनेश मेहता, सुनील सांगवान और संदीप कुमार सहित कई शिक्षक नेता मौजूद रहे।
शिक्षकों की कमी पर मांगा प्रस्ताव
जिला महासचिव अनूप गोरा ने बिना सेवादार वाले प्राथमिक स्कूलों में सफाई व्यवस्था के लिए प्रति विद्यालय आठ हजार रुपये मासिक बजट देने की मांग रखी। शिक्षक नेताओं ने शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में सरप्लस शिक्षकों को अस्थायी रूप से समायोजित करने की मांग भी की।डीईईओ ने कहा कि किसी स्कूल में शिक्षकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कमी वाले स्कूल एसएमसी से प्रस्ताव बनवाकर बीईओ के माध्यम से जिला कार्यालय भेजें।