भट्टू कलां। गांव जांडवाला बागड़ में पेयजल संकट गहरा गया है। जलघर के दोनों टैंक खाली पड़े हैं। ग्रामीणों को दूर-दराज से टैंकरों के जरिए पानी लाना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष है।
ग्रामीण शेर सिंह भादू, विक्रम सिहाग, सुरेंद्र, कुलदीप भिगासरा, सरपंच सुरेंद्र और राकेश भाकर ने बताया कि जलघर तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन जगह-जगह से लीकेज है। इससे पानी डिग्गी तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि गोगोरानी माइनर में पानी आए करीब एक सप्ताह हो चुका है। इसके बावजूद जलघर के दोनों टैंक खाली हैं। नहर में अभी करीब एक सप्ताह तक पानी चलने की संभावना है। इसके बाद नहर बंद होने पर पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है।
उन्होंने बताया कि पाइपलाइन के मोगे कई जगह टूटे हुए हैं। लीकेज से पानी खेतों में बह रहा है। इससे फसलों को भी नुकसान हो रहा है। जलघर कर्मचारी प्लास्टिक के कट्टे लगाकर लीकेज रोकने का प्रयास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार किसान इन कट्टों को हटाकर पानी खेतों में ले जाते हैं।
ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की है। उन्होंने पाइपलाइन की लीकेज का स्थायी समाधान करने और जलघर के टैंकों में पर्याप्त पानी पहुंचाने की मांग की।
पाइपलाइन में बोरी फंसी हुई थी। उसे निकाल दिया गया है। गांव में पानी की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जलघर के टैंकों तक पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन और चैनल का काम करीब 15 दिन बाद शुरू करवाया जाएगा।
- बलविंद्र, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।