गांव जल्लोपुर में आयोजित रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग की स्टॉल पर विद्यार्
रतिया। गांव जल्लोपुर में मंगलवार को रात्रि ठहराव जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी सिद्धांत जैन के समक्ष 36 शिकायतें रखीं। प्रमुख समस्याओं में बुढ़ापा पेंशन में आय संबंधी त्रुटियां, खेल मैदान की मरम्मत, मकान सुधार योजनाएं, 100-100 गज के प्लॉट, रास्तों और नहरी खाल की मरम्मत, राशन कार्ड सुधार और एक युवक के कैंसर इलाज की फाइल शामिल रहीं।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और ग्रामीण विकास से जुड़े व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत सरोवर, ग्राम लाइब्रेरी और आरोही मॉडल स्कूल का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर राजकीय स्कूल के विद्यार्थियों ने साइबर क्राइम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता बढ़ाई।
स्वच्छता अभियान को सुदृढ़ करने के लिए उपायुक्त ने कूड़ा संग्रहण के लिए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था मजबूत होगी, स्वच्छता स्तर में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्र स्वच्छ व स्वस्थ बनेगा। सरपंच मांगेराम गोदारा, सुभाष बिश्नोई और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया और समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भागीदारी की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
आंगनबाड़ी और विद्यालय का लिया जायजा
डीसी ने अधिकारियों के साथ गांव जल्लोपुर के राजकीय विद्यालय का प्रशासनिक अधिकारियों ने दौरा कर जायजा लिया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्था जांची। इस अवसर पर साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
-
विभागीय योजनाओं की स्टॉल लगाकर दी जानकारी
रात्रि ठहराव जन संवाद कार्यक्रम में गांव जल्लोपुर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को उनका पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। विभागीय अधिकारियों ने मंच से भी अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उनका फायदा उठाने की पूर्ण प्रक्रिया से अवगत करवाया। स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल पे ग्रामीणों ने फ्री शुगर, बीपी व एचबी जांच करवाकर विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी सलाह ली।