संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शहर के अशोक नगर इलाके में दो माह से बंद पड़े एक मकान में चोरी का मामला सामने आया है। रविवार को करीब दो माह बाद परिवार लौटा तो मकान के गेट टूटे हुए थे। जब अंदर पहुंचकर जांच तो नकदी, सोना और चांदी के आभूषण चोरी मिले।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। मकान मालिक निशांत नारंग ने बताया कि वह मुंबई में नौकरी करता है और उसकी मां अपनी बेटी की घर पर गई हुई थी।
घर की चाबी उन्होंने पड़ोसियों की दी हुई थी। रविवार सुबह जब वह घर लौटे तो वहां मुख्य गेट पर तो ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के सभी ताले और गेट टूटे हुए मिले। जब उन्होंने अंदर पहुंचकर सामान चेक किया तो अलमारी में रखे 5 हजार रुपये, दो तोले सोना, तीन तोले चांदी और दो खाली सिलिंडर चोरी मिले।
मकान मालिक ने जताया शक, चोर को शायद घर के बारे में थी पूरी जानकारी
निशांत ने बताया कि उन्हें शक है कि कोई व्यक्ति घर की छत से दाखिल हुआ और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। निशांत ने यह भी बताया कि चोर को शायद घर के बारे में पूरी जानकारी भी हो सकती है, क्योंकि जहां पर अलमारी की चाबियां रखी हुई थीं, चोर को उस जगह की जानकारी थी। चोर ने अलमारी को तोड़ा नहीं, बल्कि चाबी से खोलकर सामान चुराया। मकान मालिक के अनुसार, स्कूटी की चाबी जो कि कमरे के अंदर रखी हुई थी, वह अब स्कूटर के अंदर मिली है। उन्हें आशंका है कि स्कूटी भी चुराने की कोशिश की गई, लेकिन चोर सफल नहीं हो पाए।