फतेहाबाद के ई-दिशा केंद्र के बाहर बंद पड़ा जनरेटर। संवाद
फतेहाबाद। ई-दिशा केंद्र में रखा गया जनरेटर पिछले करीब पांच वर्षों से बंद पड़ा है। बिजली का कट लगते ही पूरा केंद्र में कामकाज ठप हो जाता है और सभी कंप्यूटर व ऑनलाइन सेवाएं बंद हो जाती हैं। इस कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ई-दिशा में पहुंचे अनिता, राकेश, हरीराम और रामकुमार सहित ई-दिशा में तैनात कर्मचारियों ने बिजली गुल होते ही उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता है, और कई बार तो उन्हें बिना काम करवाए ही लौटना पड़ता है। गर्मियों के दिनों में, पंखे और एयर कंडीशनर बंद होने से लोग गर्मी से बेहाल हो जाते हैं।
ई- दिशा कार्यालय में रोजाना सैकड़ों लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से रजिस्ट्री, इंतकाल, आधार कार्ड, प्रमाण पत्र सहित लगभग 250 से अधिक प्रकार के कार्य प्रभावित होते हैं। ई-दिशा में बिजली कट लगने के बाद काम प्रभावित न हो इसके लिए लाखों की लागत से जनरेटर खरीदा गया।
पिछले कई वर्षों से इसे शुरू ही नहीं किया गया है। इस कारण जनरेटर की स्थिति जर्जर होने लगी है। ई-दिशा कार्यालय में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि मैं पिछले तीन सालों से तैनात हूं, तब यह जनरेटर शुरू नहीं हुआ है। वहीं कार्यालय रखी इनवर्टर की बैटरियां भी खराब हो चुकी हैं। ऐसे में जब बिजली की मरम्मत का कार्य होता है या बिजली आपूर्ति में कोई अन्य खराबी आती है तो उस दौरान दिनभर काम प्रभावित होता है।