जाखल। यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए गठित उड़नदस्ता टीम ने जाखल मंडी में खाद विक्रेताओं का स्टॉक जांच के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान खाद विक्रेताओं को हरियाणा की खाद को पंजाब की तरफ जाने से रोकने के निर्देश भी दिए। उड़नदस्ता टीम में शामिल नायब तहसीलदार रामचंद्र अहलावत, कृषि अधिकारी अजय कुमार ढिल्लो के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जाखल मंडी के सभी खाद विक्रेताओं के यहां जांच की।
अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को सही तरीके से ही खाद वितरण के निर्देश दिए। कृषि अधिकारी अजय ढिल्लो व नायब तहसीलदार रामचंद्र अहलावत ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशों के अनुसार खाद की कालाबाजारी व पंजाब में खाद को जाने से रोकने के लिए टीम ने जाखल मंडी में चेकिंग अभियान चलाया है। सभी खाद विक्रेताओं को अपने रजिस्टर संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने व किसानों को मांग के अनुसार खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जो भी दुकानदार पंजाब में खाद बेचता या खाद की कालाबाजारी करता हुआ पाया गया, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में जाखल थाना के अजमेर सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।