भूना। ढाणी भोजराज स्थित नवज्योति हाई स्कूल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की सिफारिश निदेशक शिक्षा विभाग हरियाणा को भेज दी है। विभागीय जांच में स्कूल में कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिनमें विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही सबसे प्रमुख रही।
स्कूल भवन की ऊपरी मंजिल पर लंबे समय से रिहायशी हिस्से का निर्माण किया हुआ था, जहां लगातार घरेलू गैस सिलिंडर व अन्य रिहायशी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसे शिक्षा विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से बेहद खतरनाक माना है, क्योंकि किसी भी समय विस्फोट या हादसे की स्थिति में विद्यार्थियों की जान को बड़ा खतरा हो सकता है।
इसके अलावा स्कूल में फायर एंड सेफ्टी नियमों की भी भारी अनदेखी पाई गई। न तो पर्याप्त अग्निशमन सिस्टम मिला और न ही आपात स्थिति में विद्यार्थियों के सुरक्षित निकासी के पुख्ता इंतजाम हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी बीईओ निर्मला सिहाग को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
-
10 छात्राओं की बाल कल्याण समिति की काउंसिलिंग
जिला बाल कल्याण समिति ने भी मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को 10 छात्राएं जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश हुई। समिति ने इस दौरान छात्राओं की काउंसिलिंग करते हुए बयान दर्ज किए हैं। बता दें कि शिक्षा विभाग की डीईओ और बीईओ 3 दिसंबर को मौके पर पहुंची और स्कूल की छात्राओं व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए थे। जांच रिपोर्ट में कई गंभीर तथ्य सामने आने पर विभाग ने सोमवार को मान्यता रद्द करने की सिफारिश भेज दी है।
-
छात्राओं की पिटाई का आया था मामला
बता दें कि 24 नवंबर की घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज 28 नवंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें स्कूल संचालक छात्राओं की पिटाई करते हुए दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला गर्मा गया। हालांकि पहले चरण में स्कूल संचालक ने अभिभावकों से माफी मांगकर और छात्राओं की बदनामी का हवाला देकर पंचायत स्तर पर मामला दबाने की कोशिश की थी। पुलिस ने भी 29 नवंबर को छात्राओं और आरोपी के बयान लेकर मामला शांत कर दिया था लेकिन जब वीडियो लगातार वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग व प्रशासन सक्रिय हो गए। छात्राओं ने जांच टीम को दिए बयान में स्कूल संचालक पर मारपीट के साथ-साथ गंभीर आरोप भी लगाए। पुलिस ने एक छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
-
स्कूल में रिहायशी गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई अनिवार्य है। विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी