फतेहाबाद के हिसार रोड पर सुबह के समय हुई बूंदाबांदी स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। शहरवासियों को शनिवार को कुछ समय के लिए सूरज की तपिश से थोड़ी राहत मिली है। सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और बीच-बीच में बादलवाही रही। शनिवार को फतेहाबाद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शुक्रवार के मुकाबले 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
जिले में पिछले कई दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हो गए है कि दोपहर के समय में बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। गर्मी के कारण लोग सड़कों पर निकलने से ही परहेज करने लगे हैं। दुकानों में भी दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार में खाली बैठे रहते हैं।
भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों व बुजुर्गों को हो रही है। इसका असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है। शनिवार सुबह आसमान में बादल छा गए और फतेहाबाद व आसपास के गांवों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
16 जून के बाद बारिश के आसार : एचएयू हिसार के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ का कहना है कि कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को क्रॉस करेगा। मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 16 जून के बाद राहत की बारिश आएगी।