टोहाना के मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करने पहुंची टीम।
टोहाना। शहर के रेलवे रोड पर स्थित जनता मेडिकल हॉल को जिला ड्रग कंट्रोलर झज्जर प्रतिभा यादव की टीम ने छापे के बाद सील कर दिया। रेड के दौरान दुकान से भारी मात्रा में एक्सपायर डेट की दवाइयां बरामद हुईं। दुकान का नाम बाहर अंकित तक नहीं था।
प्राथमिकी शिकायत के आधार पर टीम ने चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस इंचार्ज ओमप्रकाश जांगड़ा के साथ मिलकर कार्रवाई की। प्रतिभा यादव ने बताया कि शिकायत मिली थी कि दुकान पर नशा बेचने की गतिविधि चल रही है। हालांकि नशे की दवाइयां नहीं मिलीं, लेकिन भारी मात्रा में एक्सपायर दवाएं बरामद हुईं।
नौवीं पास युवक काम करता मिला
इस दौरान दुकान में ईदगाह कॉलोनी निवासी नसीब नामक नौवीं पास युवक भी पकड़ा गया। वह पिछले दो साल से बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के दवाइयां बेच रहा था और सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक दुकान में काम करता था। दुकान मॉडल टाउन निवासी रजत गोयल के नाम पर पंजीकृत है, जो छापे के समय मौके पर मौजूद नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
28 मेडिकल स्टोर और 20 कंफेक्शनरी पर 8 ड्रग इंस्पेक्टर ने मारा छापा
जिले में वीरवार को चार जिलों के 8 ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस टीमों ने मिलकर मेडिकल नशे पर अंकुश लगाने के लिए 28 मेडिकल स्टोर, 20 कंफेक्शनरी दुकानों पर छापा मारा। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को दवाओं की खरीद-फरोख्त से संबंधित बिल, लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान टोहाना स्थित जनता मेडिकल स्टोर में खामियां पाई गई, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। संवाद