गांव जांडवाला में अंधड़ से गिरा बिजली का ट्रांसफार्मर। फाइल फोटो
फतेहाबाद। जिले में पिछले सप्ताह वीरवार व शनिवार को आई आंधी ने बिजली निगम को भारी नुकसान पहुंचाया है। आंधी से जिले में 739 बिजली के खंभे टूट गए और 89 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा 4380 कंडक्टर (बिजली तार) भी टूट गए। इस कारण जिले भर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। आंधी से बिजली निगम को दो करोड़ 30 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
बिजली निगम के अनुसार के जिले के गांव जांडवाला बागड़, खान मोहम्मद और बड़ोपल में सबसे ज्यादा नुकसान है। निगम की टीमें पिछले कई दिनों से मरम्मत कार्य में जुटी हैं। क्षतिग्रस्त खंभों और ट्रांसफार्मरों को बदलने के साथ-साथ टूटे कंडक्टरों को भी दुरुस्त किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
-
दो दिनों के बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
आंधी का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। गांव खान मोहम्मद और जांडवाला बागड़ में स्थिति बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में काफी समय लगा। दोनों गांवों में करीब दो दिन बाद बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकी। इस दौरान ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों और अन्य आवश्यक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
:: बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में बिजली संबंधी कोई समस्या बनी हुई है तो वे निगम के शिकायत केंद्र या हेल्पलाइन पर संपर्क करें। मौसम को देखते हुए बिजली निगम ने अपने फील्ड स्टाफ को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
- अशोक कुमार, कार्यकारी अभिंयता बिजली निगम, फतेहाबाद।
गांव जांडवाला में अंधड़ से गिरा बिजली का ट्रांसफार्मर। फाइल फोटो