फतेहाबाद। एक तरफ जहां बिजली की कमी के चलते लोग अघोषित कटों से परेशान हैं, दूसरी तरफ अफसरों की खाली कुर्सी भी एसी की ठंडक ले रही है। सरकारी कार्यालयों में लोगों के लिए बेशक पंखों तक की सुविधा नहीं है, लेकिन छोटे कर्मचारी से लेकर उच्चाधिकारी तक एसी की ठंडी हवा का आनंद उठाते हैं। जनता को पाठ पढ़ाने वाले अफसर खुद बिजली की बर्बादी को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। हालात ये है कि अधिकारियों के कार्यालय आने से एक घंटे पहले ही एसी चालू करके छोड़ देते हैं। जब अधिकारी किसी बैठक या अन्य कार्य के लिए कार्यालय से बाहर चले जाते हैं, तो भी एसी बंद नहीं होता। साहब को ठंडक मिलती रहे, इसलिए कर्मचारी भी खाली कुर्सी के पास चल रही एसी को बंद करने की जहमत नहीं उठाते।
अधिकारी दोपहर के समय खाना खाने जाते हैं, तब भी एसी ऑन ही रहता है। कई बार तो अधिकारी खाना खाने के बाद वापस कार्यालय नहीं लौटते हैं, फिर भी एसी चलता रहता है। कर्मचारी जब शाम 5 बजे घर जाने को होते हैं, तब ही सारे उपकरण बंद हो पाते हैं। लघु सचिवालय से लेकर नागरिक अस्पताल, नगर परिषद जैसे सरकारी कार्यालयों में ऐसा ही हो रहा है।
-
दोपहर 12:25 बजे:: चिकित्सक छुट्टी पर, एसी का आनंद ले रहे अन्य कर्मचारी
शुक्रवार को संवाददाता ने कई कार्यालयों की पड़ताल की। इसमें नगर परिषद के अधिकारी भी अपनी कुर्सियों से नदारद दिखे, लेकिन उनके कार्यालयों में एसी ऑन मिला। नागरिक अस्पताल में तो एक डॉक्टर पांच दिनों की छुट्टी पर हैं। मगर उनके पीछे कार्यालय के एसी की हवा दूसरे कर्मचारी ले रहे हैं। नागरिक अस्पताल में संवाददाता ने दोपहर 12:25 बजे पड़ताल की तो वहां पर गला रोग विशेषज्ञ डॉ. जयप्रकाश पांच दिनों की छुट्टी पर थे, लेकिन उनके कमरे का एसी ऑन मिला।
दोपहर 1:05 बजे:: नगर परिषद कार्यालय में भी खाली कमरोंं में चल रहे थे एसी
संवाददाता दोपहर 1:05 बजे फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय पहुंचा तो वहां पर भी कर्मचारी कार्यालय से गायब मिले। मगर एसी चलते हुए मिले। नगर परिषद के प्रधान राजेंद्र खिंची के कमरे का भी एसी ऑन था। मगर कमरे में कोई भी मौजूद नहीं था। प्रधान के कमरे के साथ लगते कार्यकारी अधिकारी के कमरे में ईओ राजेंद्र सोनी भी अपनी कुर्सी पर नहीं थे, लेकिन उनका भी एसी चल रहा था।
-
दोपहर 1:35 बजे:: एसडीएम गए थे खाना खाने फिर भी चल रहा था एसी
लघु सचिवालय के भू-तल पर ही स्थित एसडीएम कार्यालय में भी यही स्थिति नजर आई। यहां दोपहर 1:35 बजे एसडीएम कार्यालय में नजर दौड़ाई तो एसडीएम राजेश कुमार अपनी सीट पर नहीं थे। मगर उनके कार्यालय का एसी चल रहा था। एसडीएम कार्यालय के बाहर बैठे कर्मचारी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि साहब खाना खाने गए हुए हैं। दोपहर 3 बजे के बाद आएंगे।
-
:: अगर दफ्तर में कोई कर्मचारी या अधिकारी नहीं बैठा है, तो एसी ऑन करके छोड़ना गलत है। इस मामले में संज्ञान लेकर संबंधित कर्मचारी व अधिकारी से जवाब मांगा जाएगा।
संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद
:: दोपहर के समय खाना खाने के लिए गया हुआ था। कार्यालय का एसी ऑन रह गया तो मैं स्टाफ को बोल दूंगा कि कार्यालय से बाहर जाने के बाद एसी को बंद कर दें।
राजेश कुमार, एसडीएम, फतेहाबाद