नगर परिषद कार्यालय में एक्सईएन के कक्ष के बाहर लगी चेयरमैन की नेम प्लेट।
फतेहाबाद। नगर परिषद के चेयरमैन राजेंद्र सिंह खिंची ने बुधवार को कार्यकारी अभियंता के कक्ष के बाहर अपने नाम की नेम प्लेट लगवा दी। इसके बाद इसी कक्ष में पार्षदों के साथ बैठक भी की। हालांकि परिषद कार्यालय में उनका मूल कक्ष अब भी यथावत मौजूद है।
चेयरमैन द्वारा तकनीकी शाखा में डेरा डालने के बाद परिषद में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रमुख सवाल यह उठ रहा है कि भविष्य में कार्यकारी अभियंता के आने पर उन्हें कौन सा कक्ष दिया जाएगा, क्योंकि फिलहाल यह कक्ष चेयरमैन के कब्जे में आ गया है। गौरतलब है कि कार्यकारी अभियंता का पद पिछले एक माह से रिक्त है। नगर निकाय ने फरीदाबाद से एक अधिकारी का ट्रांसफर आदेश जारी किया था, लेकिन उन्होंने अब तक ज्वाइन नहीं किया है। इस कारण शहर के विकास कार्य ठप पड़े हैं।
पहले भी हो चुका है कुर्सी के लिए विवाद
इससे पहले चेयरमैन खिंची और उपप्रधान सविता टुटेजा के बीच कार्यालय में कुर्सी लगाने पर विवाद हो चुका है। चेयरमैन ने उपप्रधान की कुर्सी अपने कक्ष में लगाने का विरोध किया था, जिससे मामला गरमा गया था। बाद में विवाद को शांत करने के लिए उपप्रधान के लिए अलग कक्ष तैयार किया गया था।