फतेहाबाद। रतिया रोड पर युवती का शव मिलने से जुड़े दुष्कर्म व हत्या मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की जिनमें दो गोलियां एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी के पैर में लगी।
डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी महेंद्र सिंह उर्फ निक्का निवासी आजाद नगर फतेहाबाद, हाल किरायेदार वाल्मीकि चौक युवती के दुष्कर्म और हत्या मामले में वांछित चल रहा था। जनवरी माह में रतिया रोड पर एक युवती का शव मिला था, जिसके बाद यह प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरियाणा और पंजाब में 18 आपराधिक केस दर्ज हैं। वह पहले भी सिरसा जिले के डिंग थाने में पुलिस हिरासत से फरार हो चुका है और लंबे समय से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। सीआईए रतिया टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ पंजाब जाने के लिए इधर आने वाला है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। नंगल के पास भाखड़ा नहर रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया मगर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान सड़क पर कंक्रीट होने से बाइक फिसल गई और आरोपी नीचे गिर गया।
गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। टीम में शामिल एएसआई रघुबीर सिंह पर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जबकि दो गोलियां पास से निकल गईं। जैकेट होने से एएसआई सुरक्षित बच गए। इस पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इस दौरान फायरिंग में आरोपी महेंद्र सिंह उर्फ निक्का के पैर में पुलिस की गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। करीब एक माह में जिले में यह दूसरा पुलिस एनकाउंटर बताया जा रहा है।
-
आरोपी के खिलाफ 18 केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल तथा दो कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था और अपनी पत्नी को साथ लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा में 18 केस दर्ज है। इनमें स्नेचिंग, चोरी, घर में घुसकर चोरी करने, दुष्कर्म और हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है।
एनकाउंटर में पुलिस का पैर पर निशाना
पुलिस ने करीब एक माह में दूसरा एनकाउंटर किया है। पिछले माह 7 फरवरी को टोहाना में हुई डकैती के मामले में आरोपी कमल उर्फ बच्ची व मोनू का एनकाउंटर किया था। मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी थी। इस बार भी मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में ही गोली लगी है।
-
पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
-सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक