जाखल। रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर युवती से लाखों की ठगी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान गांव म्योंद कलां निवासी जगतार सिंह के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
जाखल थाना प्रभारी जसवंत ने बताया कि 7 नवंबर को गांव मामुपुर निवासी युवती शाह रोशनी की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पड़ोसी मदन लाल ने उससे कहा कि उसका जीजा म्योंद निवासी जगतार सिंह रेलवे में नौकरी करता है। वह उसे रेलवे में सरकारी नौकरी लगवा सकता है। उसने पहले भी कई भर्तियां करवाई है।
जब उन्होंने जगतार से बात की तो उसने कहा कि वह पहले डीसी रेट पर रेलवे में नौकरी लगवा देगा और फिर पक्का करवा देगा। रेलवे में काम करने वाले विक्रांत, पूनम रंगा व प्रवीन चौहान उसके करीबी है। इस पर उसने करीब 28 लाख रुपये जगतार सिंह को दे दिए। पैसे लेने के बावजूद इन लोगों ने उसे नौकरी नहीं लगवाया। इस मामले में जाखल पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इनमें से पुलिस ने एक आरोपी जगतार को गिरफ्तार किया है।