भूना। जांडली खुर्द गांव में शनिवार दोपहर हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति सुखविंद्र सिंह उर्फ घोघड़ को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी श्मशान में पौधों के बीच छिपा हुआ था। पुलिस ने रविवार को शव के पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का अंतिम संस्कार करवाया तो माहौल बेहद गमगीन हो गया।
मृतका की 12 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा अपनी मां की अर्थी से लिपटकर जोर-जोर से रोते हुए उसे पुकारते रहे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद सूचना मिली थी कि गांव जांडली खुर्द में महिला सुदेश की उसके पति सुखविंद्र सिंह उर्फ घोघड़ ने गंभीर चोटें मार दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शिकायतकर्ता राजबीर उर्फ राजू निवासी हसनगढ़ जिला हिसार ने बयान दिया कि उसकी बहन सुदेश की शादी गांव जांडली खुर्द निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ घोघड़ के साथ हुई थी। शादी के बाद से उनके दो बच्चे हैं। राजबीर ने आरोप लगाया कि सुखविंद्र अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। 7 मार्च को उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके बहनोई ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बहन की हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के साथ गांव पहुंचा जहां उसकी बहन का शव घर के कमरे में फर्श पर पड़ा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया।