फतेहाबाद। जिले में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों का बढ़ता रुझान देखने को मिल रहा है। शिक्षा विभाग की प्रेरणा और शिक्षकों के प्रयासों से इंस्पायर अवॉर्ड योजना में इस वर्ष जिले के 77 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित हुए हैं। चयनित विद्यार्थियों को अपने आइडिया के आधार पर कार्यशील मॉडल तैयार करने के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
शिक्षा विभाग ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर अवॉर्ड योजना के तहत विद्यार्थियों से नवाचार से जुड़े आइडिया मांगे थे। इस वर्ष जिले से 1289 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया। विभाग ने जिले को 1200 आवेदनों का लक्ष्य दिया था मगर शिक्षकों और अधिकारियों के प्रयासों से लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
जांच प्रक्रिया के बाद 77 विद्यार्थियों के आइडिया चयनित किए गए हैं। अब इन विद्यार्थियों को अपने प्रस्तावित विचारों के आधार पर कार्यशील मॉडल तैयार करने होंगे। मॉडल तैयार करने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी के बैंक खाते में 10 हजार रुपये भेजे जाएंगे जिससे वे आसानी से अपने प्रयोग और मॉडल तैयार कर सकें। तैयार मॉडल का मूल्यांकन विभिन्न स्तरों पर किया जाएगा।
सबसे पहले खंड स्तर पर मॉडल प्रस्तुत होंगे, उसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में इन्हें प्रदर्शित किया जाएगा। बेहतर मॉडल तैयार करने वाले विद्यार्थियों को आगे के स्तरों पर भी अवसर मिलेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना है।
इससे बच्चे अपनी रचनात्मकता को नए प्रयोगों के रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। जिले में हर वर्ष इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और प्रयोगात्मक सोच को प्रोत्साहन मिल रहा है।
-
स्कूलों से लिए गए थे पांच-पांच आइडिया
जिला शिक्षा विभाग ने प्रत्येक सरकारी और निजी स्कूल से कम से कम पांच-पांच आवेदन भेजने के निर्देश दिए थे। पिछले वर्ष जिले से 1552 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जबकि इस बार 1289 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
-
हर साल बढ़ रहा है आंकड़ा
वर्ष चयनित आइडिया
2020-21 : 41
2021-22 : 33
2022-23 : 27
2023-24 : 60
2024-25 : 73
2025-26 : 77
-
करनौली सरकारी स्कूल के दो बच्चों का चयन
राजकीय उच्च विद्यालय करनौली के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। उमेद सोनी (कक्षा दसवीं) ने हिडन रोड रिवीलर मॉडल आइडिया प्रस्तुत किया जो सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में एक अनूठा प्रयास है। पुनीत (कक्षा सातवीं) ने द सेफ्टी लॉक अलर्ट सिस्टम तैयार किया है, जो आधुनिक सुरक्षा तकनीक पर आधारित है। मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि इन बच्चों की मेहनत और विज्ञान के प्रति इनकी जिज्ञासा का ही परिणाम है।
-
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जापान के शैक्षणिक भ्रमण का भी मौका मिल सकता है। इसके अलावा नेशनल स्तर पर टॉप 60 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जाता है।
-मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ